प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने पर खुशी जाहिर करते नवदीप सैनी। स्रोत : कोच
बावल। कस्बे के वार्ड छह निवासी 21 वर्षीय नवदीप सैनी ने जिला स्तरीय वेट पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में 78 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने 140 किलोग्राम वजन उठाकर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। इस प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
रेवाड़ी में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिलेभर के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
नवदीप के पिता मदनलाल ने बताया कि उनका बेटा नीमराना में पढ़ाई कर रहा है और बचपन से ही पावरलिफ्टिंग में रुचि रखता है। पढ़ाई के साथ वह नियमित अभ्यास करता है। अब वह करीब तीन सप्ताह बाद होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा।
नवदीप की उपलब्धि पर मनोज, विनोद, महेश सहित अन्य लोगों ने बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियां अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं।