रेवाड़ी में 500 और 1000 के नोट भले ही सभी सरकारी दफ्तरों की तरह रोडवेज डिपो में शुक्रवार रात तक चले हों लेकिन नोटों को लेकर रोडवेज डिपो की आय लगातार घट रही है। चार दिनों की ही टिकट सेल की बात करें तो बिक्री में चार लाख रुपये तक का अंतर आया है।
रोडवेज की आय चार दिन पहले तक जहां रोजाना तकरीबन 15 लाख रुपये के करीब थी। वही आय 11 नवंबर को घटकर 8 लाख के करीब ही सिमटकर रह गई। 9 नवंबर को जहां दो दिनों का इकट्ठा जमा कैश तकरीबन 28.90 लाख रुपये था। वहीं 10 नवंबर को यह 12.81 लाख रुपये जमा कराया गया। 11 नवंबर को कैश की संख्या 8.49 लाख तक ही सिमटकर रह गई थी।
रास्ते में टिकट लेने वालों से बढ़ी परेशानी
टिकट काउंटर पर ही टिकट लेने के दौरान तो सवारियों और स्टाफ को ज्यादा दिक्कत नहीं आती। लेकिन परेशानी वहां बढ़ जाती है जब बस में बैठने के बाद सवारी 100 रुपये से कम कीमत के टिकट के एवज में 500 या 1000 के नोट पकड़ाती है। ऐसे चेंज न होने के चलते कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है तो कभी-कभार सवारी को बीच राह उतरना पड़ता है।
विभाग की ओर से पूरा प्रयास है कि लोगों को शुक्रवार रात तक पुरानी 500 और 1000 की करेंसी के बदले टिकट दिये जा सकें। शनिवार को पुरानी करेंसी न लेने के आदेश के चलते बिक्री पर प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।
- राजीव नागपाल, जीएम, रोडवेज डिपो रेवाड़ी