रेवाड़ी। नंबरदार वेल्फेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक जिला प्रधान उदय राज राव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नंबरदारों से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा उनके समाधान के लिए आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक के उपरांत नंबरदार वेल्फेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम दलबीर से मिला और नंबरदारों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से पिछले तीन माह से नंबरदारों को सम्मान भत्ते का भुगतान नहीं होने का मुद्दा उठाया और इस पर नाराजगी जाहिर की।
एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधीनस्थ कर्मचारी को बुलाकर आवश्यक निर्देश दिए तथा दो दिन के भीतर नंबरदारों का लंबित सम्मान भत्ता जारी करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि भविष्य में सम्मान भत्ते की राशि नियमित रूप से निर्धारित तिथि पर नंबरदारों के बैंक खातों में जमा हो।
एसडीएम ने कार्यरत नंबरदारों की सूची समय पर उपलब्ध नहीं करवाने के मामले में संबंधित अधीनस्थ कर्मचारी का वेतन रोकने के आदेश भी दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की देरी न हो।
बैठक में नंबरदार वेल्फेयर एसोसिएशन के संगठन के विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई तथा अधिक से अधिक नंबरदारों को संगठन से जोड़ने और उनकी समस्याओं को उचित मंच पर उठाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर उपप्रधान अर्जुन सिंह, प्रेस सचिव एवं प्रवक्ता जोगेंद्र राव, महासचिव धर्मवीर सिंह, मोतीलाल नंबरदार ततारपुर, रवींद्र सिंह, लाला राम, दयानंद गुज्जर, रूपचंद लिसाना, सुंदरलाल सहित अनेक नंबरदार उपस्थित रहे।