रसियावास गांव में सरसों की खली में लगी आग। संवाद
बावल। कस्बे के नजदीक गांव रसियावास में शुक्रवार देर रात सरसों की खली में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने पर बावल थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गांव रसियावास निवासी ओमवीर ने बताया कि देर रात सूचना मिली कि उसके खेत में रखी सरसों की खली से धुआं उठ रहा है। जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि करीब डेढ़ एकड़ में फैली सरसों की खली में आग लगी हुई है। आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आसपास के खेतों को भी खतरा पैदा हो गया।
ओमवीर ने सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। दमकल कर्मचारियों ने आग बुझाने शुरू किया। आग काफी भयंकर थी लेकिन दमकल कर्मियों ने काबू पा लिया। इस घटना में सरसों की खली का काफी नुकसान हुआ है। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।