खोल। खोल थाना क्षेत्र के गांव मनेठी में बुधवार तड़के एक मोटर मैकेनिक ने पारिवारिक कलह में पत्नी की गंडासी से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चार वर्षीय बेटे को गांव महतास में एक परिचित के पास छोड़कर फरार हो गया। सूचना के बाद डीएसपी मोहम्मद जमाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। वारदात के समय आरोपी की मां पशुओं को चारा डालने गई थी।
जानकारी के अनुसार गांव मनेठी निवासी चांद सिंह ने जागृति नाम की महिला से प्रेम विवाह किया था। विवाह के कुछ समय बाद युवक की मौत हो गई थी। इसके बाद जागृति ने अपने ही देवर प्रदीप कुमार से विवाह कर लिया। जागृति का एक चार साल का बेटा भी है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात को पति-पत्नी के बीती किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। बुधवार सुबह भी दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ। इसके बाद प्रदीप ने चारा काटने की गंडासी से उसके गर्दन पर वार कर दिया, जिससे जागृति की मौके पर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने चार वर्षीय बेटे को गांव मेहताश में अपने परिचित के पास छोड़ दिया और खुद फरार हो गया। वारदात के समय आरोपी की मां पशुओं को चारा डालने में व्यस्त थी। जब वह अंदर गई तो देखा कि उसकी बहू चारपाई पर लहूलुहान पड़ी हुई थी। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां जमा हो गए। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका की सास के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने पर बेटे सहित पहुंचा मिस्त्री
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी प्रदीप अपने चार वर्षीय बेटे को महतास निवासी अपने गुरु मोटर मैकेनिक के पास छोड़कर फरार हो गया था। प्रदीप द्वारा पत्नी की हत्या कर दिए जाने की सूचना मिलने के बाद महतास निवासी मोटर मैकेनिक प्रदीप उसके बेटे को लेकर गांव मनेठी पहुंच। उसने प्रदीप के बेटे को उसकी दादी के हवाले कर दिया।
परिवार में नहीं है कोई कमाने वाला
आरोपी प्रदीप दो भाई थे। बड़े भाई चांदराम रोडवेज में कार्यरत था। उसके वेतन से ही परिवार को भरण-पोषण हो रहा था। दो साल पूर्व बीमारी से उसकी मौत होने के बाद परिवार की जिम्मेदारी प्रदीप के कंधे पर आ गई। वह महतास निवासी मोटर मैकेनिक के पास बाइक ठीक करने का कार्य करने लगा। इससे उसके परिवार की रोजी-रोटी चल रही थी। पत्नी की हत्या के बाद परिवार में प्रदीप की बुजुर्ग मां व उसका चार वर्षीय बेटा रह गया है।
मृतका की सास के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को काबू करने के प्रयास भी तेज कर दिए हैं। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के असली कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल पति-पत्नी के बीच अनबन की बात सामने आ रही है।
-मोहम्मद जमाल खान, डीएसपी रेवाड़ी।