कोसली। कोसली क्षेत्र के गांव लिलोढ में दो युवकों में वीरवार की रात हुए झगड़े में 45 वर्षीय रविदत्त ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार वीरवार की रात को रविदत्त 45 वर्ष व सुरेंद्र 40 वर्ष के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि सुरेंद्र ने रविदत्त के सिर में चोट मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसको सीएचसी नाहड़ लेकर गए। जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेवाड़ी रेफर कर दिया। उपचार के दौरान रविदत्त ने शुक्रवार को दोपहर दो बजे दम तोड़ दिया। पुलिस चौकी नाहड़ के प्रभारी प्रमोद कुमार का कहना है कि बीती रात को गांव लिलोढ में दो युवकों में झगड़ा हुआ था। जिसमें सुरेंद्र ने रविदत्त को सिर में चोट मारी थी। इसमें रविदत्त गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसने उपचार के दौरान शुक्रवार को दोपहर बाद दम तोड़ दिया। सुरेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।