हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस लॉकअप में आत्महत्या कर ली। सुल्तानपुर निवासी विनोद को राकेश हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था। अदालत में पेशी के बाद उसे रिमांड पर लेकर मॉडल टाउन थाना पुलिस लॉकअप में रखा गया था। रात के समय आरोपी विनोद और दूसरा आरोपी सन्नी लॉकअप में साथ ही सो रहे थे। इसी दौरान विनोद ने आत्महत्या कर ली।
घटना के वक्त दूसरा आरोपी पास में ही सोता रहा और उसे इसकी भनक तक नहीं लगी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विनोद ने जिस कंबल पर सोया था, उसी के किनारे से कपड़ा फाड़कर रस्सीनुमा फंदा तैयार किया। पुलिस लॉकअप में इस तरह की घटना से पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि राकेश हत्याकांड में दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान उन्हें मॉडल टाउन थाना लॉकअप में रखा गया।
मॉडल टाउन थाना पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे
इस घटना के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस पर सवाल खड़े हो गए हैं। हिरासत में बंद कैदी की आत्महत्या सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक मानी जा रही है। मामले की जानकारी मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद मृतक आरोपी के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। यह मामला न केवल पुलिस की लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि लॉकअप में बंद कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
दोनों साथियों ने शराब पिलाने के बाद गला घोंटकर की थी हत्या
थाना मॉडल टाऊन पुलिस ने 3 सितंबर को मिंडा कट बावल रोड के पास राकेश वर्मा की हत्या करके शव को डालने के मामले की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान यूपी के जिला सुल्तानपुर के गांव हमजाबाद निवासी विनोद कुमार व यूपी के जिला सुल्तानपुर के गांव अत्तरसुभाकलां निवासी सन्नी यादव के रूप में हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक व दोनों आरोपी गांव सुठानी में एक ही कमरे में किराये पर साथ रहते थे। तीनों आर्थिक रूप से कमजोर थे। किराये को लेकर तीनों का आपस में विवाद होने लगा था। इस वजह से मकान मालिक ने उनसे कमरा खाली करवा लिया था। दोनों आरोपी राजेश वर्मा को कमरा खाली करने की वजह मानते थे। 2 सितंबर को तीनों मिंडा कट बावल रोड के पास शराब पीने के लिए एक साथ बैठे थे। शराब पीने के बाद जब नशा हुआ तो सन्नी और विनोद का राकेश के साथ झगड़ा हो गया। इन लोगों ने पहले उसका गला घोंट दिया। इसके बाद चेहरे पर पत्थर से वार किए, जिससे राकेश की मौके पर ही मौत हो गई।