अध्यापक मुकेश कुमार का स्वागत करते माता-पिता व ग्रामीण। स्त्रोत: शिक्षक
रेवाड़ी। शिक्षक दिवस पर राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीकानेर के अंग्रेजी अध्यापक मुकेश कुमार को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। सम्मानित होकर लौटे मुकेश कुमार का गांव में स्वागत किया गया।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद राव तुलाराम विहार निवासी एवं मूल रूप से पीथड़ावास निवासी मुकेश कुमार गांव पहुंचे और माता-पिता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान सरपंच अनीता शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और बधाई दी।
मुकेश कुमार के पिता राधेश्याम जांगिड़ ने कहा कि बेटे को राज्य स्तर पर सम्मान मिलना परिवार के लिए गर्व का विषय है। मां भरपाई देवी ने कहा कि संतान की उपलब्धि से बढ़कर माता-पिता के लिए कोई खुशी नहीं होती।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव के शिक्षक का राज्य स्तर पर सम्मान पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। मुकेश कुमार ने सम्मान का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों, विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करने की प्रेरणा देगा। इस अवसर पर मोहित कुमार, अमृत कुमार, महेश कुमार और पूनम देवी ने भी शुभकामनाएं दीं।