खोल। रेवाड़ी-नारनौल हाईवे स्थित काठूवास टोल के पास रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार मनोज कुमार (48) की मौत हो गई, जबकि उनके दोस्त सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस को दी शिकायत में राकेश ने बताया कि उनके भाई मनोज कुमार अजय नगर में परिवार के साथ रहते थे। बुधवार सुबह वह दोस्त सुरेंद्र के साथ बाइक पर नारनौल की ओर जा रहे थे। काठूवास टोल के पास रोडवेज बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को मनोज की मौत हो गई। सुरेंद्र का इलाज जारी है। मनोज के परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला था।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। खोल थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।