संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रेवाड़ी शहर के मोहल्ला गुलाबी बाग में शराब के लिए रुपये न देने पर बेटे ने पिता पर डंडों से हमला कर दिया। हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद आरोपी बेटा घर से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर रामपुरा थाना पुलिस ने उसके बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शहर के गुलाबी बाग निवासी रामअवतार छोटा-मोटा कारोबार करते हैं। उनका बेटा संदीप शराब और गांजा का सेवन करता है और नशे के लिए रोजाना घर में झगड़ा करता है। बुधवार रात भी वह नशे में धुत होकर घर पहुंचा और अपने पिता रामअवतार से शराब के लिए पैसे मांगने लगा। पिता ने उसे रुपये देने से मना किया तो संदीप ने डंडे से पिता पर वार किए, सिर फोड़ दिया और शरीर पर कई जगह चोटें मारी। खून से लथपथ होकर रामअवतार घर के आंगन में गिर गए।
शोर शराबे की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो संदीप भाग गया। सूचना के बाद रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रामअवतार को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। रामअवतार की शिकायत पर रामपुरा थाना पुलिस ने संदीप के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।