संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। विधायक कोसली लक्ष्मण सिंह यादव ने सोमवार को विकसित भारत-जनसंवाद-संकल्प यात्रा कोसली विधानसभा के गांव लुखी, परखोतमपुर व खुशपुरा में पहुंची। इस दौरान यात्रा का स्वागत किया गया।
विधायक ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गांरटी में दम है। परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में लाभार्थी यात्रा से जुड़ रहे हैं। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति को खुशहाल व आत्मनिर्भर बना रही है। गारंटी वाहन घर-घर पहुंच रही है और लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सरकार गरीबों और वंचितों के विकास के लिए प्रयत्नशील है।
विधायक ने विकसित भारत-जनसंवाद-संकल्प यात्रा के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई स्टॉल का अवलोकन करते हुए नागरिकों से आह्वान किया कि विकसित भारत-जनसंवाद-संकल्प यात्रा में पहुंच कर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और लाभ उठाएं। इस दौरान नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर आधारित ब्रॉशर, कलेंडर सहित अन्य प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी, एनीमिया आदि की जांच, निरोगी हरियाणा के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर, आयुष विभाग की ओर से आरोग्य शिविर, योगाभ्यास, क्रिड द्वारा परिवार पहचान पत्र से संबंधित सेवाओं के लिए हेल्प डेस्क, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। मेरी फसल-मेरा ब्यौरा व किसानों के लिए कृषि और बागवानी विभागों की हेल्प डेस्क बनाई गई, यात्रा के दौरान कॉमन सर्विस सेंटर का संचालन, मेरा भारत स्वयं सेवकों के पंजीकरण के लिए स्टॉल, बैंकिंग सेवाओं के लिए स्टाल, ऋण आवेदनों के लिए हेल्प डेस्क लगाए गए।