एक समय खुद को देश के लिए शुभ होने का ढिंढोरा देश भर में पीटने वाले पीएम नरेंद्र मोदी कितने शुभ हैं इस बात का पता पूरे देश को चल गया है। पीएम बनने के बाद से कोई न कोई प्राकृतिक आपदा आ रही है। इस बात तो लगभग पूरा देश पानी की किल्लत से जूझ रहा है। बिहार तक का पानी पाताल में पहुंच गया है। गेहूं तो ऐसा हुआ है कि मानो नाखून में घुस जाएगा। वहीं अगस्ता हेलीकॉप्टर प्रकरण में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सोनिया गांधी इस मामले में संलिप्त नहीं हो सकती हैं। वे भ्रष्ट नहीं हैं।
ये कटाक्ष लालू यादव ने कैप्टन अजय यादव के सहारनवास स्थित श्रीमती शांति देवी लॉ कॉलेज के दीक्षांत समारोह व वार्षिकोत्सव के दौरान मंच से केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया। दीक्षांत और वार्षिकोत्सव के रंगारंग कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पासआउट होने वाले बच्चों को डिग्री भी वितरित कीं। समारोह के दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर, कैप्टन अजय यादव, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमेन मनन कुमार मिश्रा व चिरंजीव राव ने भी लोगों को संबोधित किया। इसके अलावा कॉलेज चेयरपर्सन शकुंतला यादव, परिजन, पूर्व विधायक नरेश यादव आदि मौजूद थे।
क्लाइंट से मिलती है सबसे ज्यादा वकीलों को सीख
दीक्षांत समारोह के दौरान पासआउट करने वाले एलएलबी के स्टूडेंट्स को सीख देते हुए कहा कि वकील जिंदगी भर सीखते हैं और सबसे ज्यादा सीख उन्हें क्लाइंटों से मिलती है। वकालत के खुद के अनुभव साझा करने के बाद कहा कि वकालत के पेशे में करोड़ों रुपये मिलते हैं। इसके साथ ही उन्होंने सभी स्टूडेंट्स को मन से वकालत करने को कहा।
कैप्टन अजय की तारीफ, समधिन पता नहीं कहां छुपीं
मंच से कैप्टन अजय यादव की तारीफ करते हुए कहा कि कांग्रेस की केंद्र और राज्य सरकार के समय सीएम हुड्डा ने अहीरवाल में एक भी यूनिवर्सिटी नहीं खोली। कैप्टन ने खुले तौर पर इसका विरोध किया और सोनिया गांधी से बात कर इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी तैयार कराकर ही दम लिया। उन्होंने कहा कि यह तारीफ वह इसलिए नहीं कर रहे हैं कि कैप्टन उनके समधी हैं। इस दौरान उन्होंने समधिन शकुंतला यादव के सामने न दिखने पर मजाकिया लहजे में कहा कि समधिन को सामने बैठना चाहिए, पता नहीं कहां छुपी हैं।
न्याय गरीबों की पहुंच से दूर न हो: मनन
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने एलएलबी स्टूडेंट्स को संबोधित करते हुए कहा कि वकालत ऐसी करना कि न्याय गरीबों की पहुंच से दूर न हो। सुप्रीम कोर्ट तक में प्रैक्टिस करने वाले मनन मिश्रा ने स्टूडेंट्स से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पढ़ाई खत्म नहीं बल्कि अभी शुरू हुई है। वहीं प्रदेश की स्थिति पर कहा कि हो सकता है कि आगामी चुनाव तय समय से पहले हो जाएं और कैप्टन अजय सीएम हों।।