रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित खरखड़ा पुल के पास बुधवार रात को बाइक सवार युवकों ने पैदल जा रहे दो युवकों से मारपीट कर दो मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। इसके बाद मौके से भाग गए। पीड़ितों की शिकायत पर धारूहेड़ा थाना पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने देर रात ही दोनों युवकों को काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार बिहार के जिला सुपौल के गांव करिहो निवासी नीरज और गांव भटावरी निवासी नीतू कुमार गुरुग्राम से बस में धारूहेड़ा बस स्टैंड उतर कर पैदल ही अरावली टाउन पार्क होटल जा रहे थे। जब वे खरखड़ा पुल के पास पहुंचे तभी पीछे से एक बाइक पर आए दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।
नीरज ने बताया कि इस दौरान युवकों ने उन्हें डराया धमकाया और फिर दोनों के मोबाइल लूट लिए। युवकों में शामिल एक ने कहा कि अरुण इनके पैसे छीन ले और इतना सुनते ही दूसरे युवक ने दोनों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। जेब में जो नकदी थी, उसे निकाल लिया। पहले युवक का नाम नितेश लिया जा रहा था। नीरज के अनुसार, वारदात के बाद दोनों युवक बाइक लेकर साहबी पुल की तरफ भाग गए, लेकिन उसने बाइक का नंबर नोट कर लिया। लूट की सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद लूट का केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान गांव माजरी निवासी अरुण व संगवाड़ी निवासी नितेश के रूप में हुई है।
वर्जन
लूट के मामले में दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया है। आरोपी अरुण ने मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदात को कबूल किया है। आरोपियों को वीरवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
-बिजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी धारूहेड़ा।