संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। आई लव रेवाड़ी मुहिम के तहत रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव की अगुवाई में शनिवार को शहर के पुराना रामलीला मैदान और राजकीय बॉयज स्कूल के खेल मैदान में मेगा सफाई अभियान चलाया गया।
इस सफाई अभियान में राजकीय बॉयज स्कूल के कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने विशेष सहयोग प्रदान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता पर एक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की। इस दौरान विधायक ने कहा कि यह अब तक का सबसे बड़ा सफाई अभियान है। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि रेवाड़ी की बदहाली के लिए जिम्मेदार लोगों को यह अभियान रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि सभी मिलजुल कर रेवाड़ी को आदर्श शहर बनाएंगे। इसके बाद विधायक ने बच्चों के साथ खेल मैदान में उगी झाड़ियां, खरपतवार एवं गंदगी को साफ किया। विधायक ने स्कूल प्राचार्य की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।