साइकिल लेकर जाते विधानसभा जाते विधायक डॉ. कृष्ण कुमार। स्रोत : प्रवक्ता
बावल(रेवाड़ी)। ऊर्जा संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार बुधवार को चंडीगढ़ स्थित एमएलए हॉस्टल से हरियाणा विधानसभा कमेटी की बैठक में भाग लेने के लिए साइकिल से पहुंचे।
विधायक डॉ. कृष्ण ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्य भी साइकिल से सचिवालय और विधानसभा पहुंचकर आमजन को सकारात्मक संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना केवल पेट्रोल और डीजल की बचत का माध्यम नहीं है बल्कि यह शरीर को स्वस्थ, सक्रिय और फिट रखने का सबसे सरल उपाय भी है।
विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों को देखते हुए लोगों को नियमित रूप से साइकिल चलाने की आदत अपनानी चाहिए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। विधायक ने युवाओं और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि छोटी दूरी तय करने के लिए अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग करें ताकि ईंधन की बचत हो और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।