रेवाड़ी। जिला परिवेदना समिति की सोमवार को बाल भवन में हुई बैठक में जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने शिकायतों पर संतोषजनक जवाब नहीं देने पर कई अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने बैठक में नहीं पहुंचने पर एसडीओ को चार्जशीट करने के आदेश दिए। उन्होंने 13 परिवादों की सुनवाई की जिनमें 4 का मौके पर निपटारा किया गया। शेष मामलों में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
बैठक में सेक्टर-1 के होली पार्क में जलभराव की समस्या को लेकर मंत्री ने अधिकारियों से जवाब मांगा। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बैठक में मौजूद नहीं थे। संबंधित अधिकारी भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित एसडीओ को चार्जशीट करने के आदेश दिए।
सेक्टर-1 आरडब्ल्यूए प्रधान रविंद्र यादव और अन्य लोगों ने कहा कि होली पार्क में वर्षों से पानी भरा है। इसकी शिकायत समाधान शिविर में कई बार की जा चुकी है। डीसी भी कई बार आदेश कर चुके हैं लेकिन समाधान नहीं हो रहा।
पहले तो नगर परिषद इसे मानने को तैयार नहीं थी। विधायक की मेल जाने के बाद एक बार कर्मचारी भेजकर बिना काम किए दूसरी जगह का फोटो लगाकर सीएम विंडो की शिकायत बंद कर दी।
एक्सईएन और एमई की गैर हाजिरी में ईओ मंत्री के सामने इसका संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर मंत्री ने उन्हें फटकार लगाई और एसडीओ (एमई) को चार्जशीट करने के आदेश दिए।
निजी जमीन पर एससीओ बेचने का मामला उठा : सेक्टर-4 मार्केट से जुड़ी शिकायत में आरोप लगाया गया कि हुडा ने नक्शे में निजी जमीन को अपनी जमीन दिखाकर महंगे दामों पर एससीओ बेच दिए। निजी जमीन को अपनी बताकर हुडा पर 35 से 45 लाख में एससीओ बेच दिए।
फिर भू-माफिया से मिलकर निजी जमीन को रिलीज कर दिया। अब एससीओ के सामने निजी बिल्डर कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवा रहे हैं। जो कॉर्नर पर महंगे एससीओ खरीदने वाले के साथ अन्याय है। बाद में निजी जमीन का मामला सामने आने पर जमीन खरीदकर वहां कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू कर दिया गया।
बैठक में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, कोसली के विधायक अनिल यादव, बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार व अन्य मौजूद रहे।
15 साल बीत गए, आखिर रिलीज लैंड पर प्लॉट दिया कैसे : मंत्री
मनजीत कुमार ने शिकायत में बताया कि 2011 में विभाग ने उनको सेक्टर-18 में प्लॉट आवंटित किया। वह पूरा भुगतान भी कर चुके हैं, अब अधिकारी रिलीज लैंड बताकर उसे प्लॉट देने में आनाकानी कर रहे हैं। इस पर हुडा के अधिकारियों ने बताया कि केस बनाकर गुरुग्राम एस्टेट आफिसर के पास भेजा हुआ है, प्रक्रिया पूरी होते ही प्लॉट दे दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि 15 साल तो बीत गए, आखिर रिलीज लैंड पर प्लॉट दिया कैसे, इसकी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदारी अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
जांच एडीसी से कराने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
कोसली में प्लॉट का रास्ता दिखाने और वर्ष 2005 में लिखित इंतकाल होने के बाद ऑनलाइन इंतकाल दर्ज नहीं होने का मामला भी सामने आया। राजस्व विभाग के अधिकारियों के पास इसका स्पष्ट जवाब नहीं था। मंत्री ने मामले की जांच एडीसी से कराने तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बैठक की तैयारियां पूरी होने और संबंधित परिवादियों व विभागाध्यक्षों को सूचना दिए जाने की जानकारी दी थी।
कॉलोनी का नक्शा पास करवाने के निर्देश
गांव लाखनौर निवासी हरपाल ने शिकायत दी। उन्होंने बताया कि रास्ते पर आने वाले किसानों ने अपने खेत से 10 से 15 फीट मिट्टी उठवा दी। इससे उनका रास्ता बंद हो गया। अब वहीं उनका रास्ता ठीक नहीं करने दे रहे हैं। मंत्री ने फोर्स के साथ कार्रवाई करने के आदेश दिए। शहादत नगर निवासी भतेरी देवी का प्लॉट रास्ते में दिखाए जाने पर मंत्री रणबीर गंगवा ने डीटीपी को वर्तमान स्थिति के अनुसार कॉलोनी का नक्शा पास करवाने के निर्देश दिए। गांव सुलखा निवासी कुलदीप सिंह ने बरसात के समय घर में पानी भर जाने की शिकायत रखी। कैबिनेट मंत्री ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर यहां नाली बनवाने के निर्देश दिए।
सेक्टर 1 में पार्क की जलभराव की समस्या बताते शिकायतकर्ता। संवाद