रेवाड़ी। शहर के एक दूध कारोबारी की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। सिटी थाना पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शहर की नई बस्ती में रहने वाले मंदीप की शादी वर्ष 2018 में कुतुबपुर निवासी शिवानी (23) के साथ हुई थी। शुक्रवार की रात शिवानी अपने ससुराल में ही फांसी के फंद पर लटकती मिली। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इधर, शिवानी के पिता दयाराम ने पुलिस को दी शिकायत में बेटी के ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।