जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक रेवाड़ी के बाल भवन में हुई । इस बैठक में कष्ट निवारण समिति के चेयरपर्सन सीपीएस श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में कुल 17 में से 7 परिवादों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। वहीं 10 मामले इस बार भी लंबित हैं। खास बात यह है कि इस बार की शिकायत महज 5 थीं। 12 शिकायतें 15 सितंबर से लंबित हैं।
इससे पहले शिकायतकर्ता ने सीएम विंडो पर भी शिकायत लगाई थी। बुधवार आयोजित बैठक में संसदीय सचिव और कष्ट निवारण समिति अध्यक्ष श्याम सिंह राणा और कोसली विधायक बिक्रम सिंह यादव ने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान में अफसरों की लापरवाही पर फटकार भी लगाई। सीपीएस ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जन समस्याओं एवं शिकायतों को तत्परता के साथ निपटारा करना सुनिश्चित करे ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी ना हो
188 लाख रुपये का इस्टीमेट बनाकर भेजा गया
बैठक में ग्राम पंचायत नेहरूगढ़ द्वारा रखे गये परिवाद के बारे में सीपीएस ने कहा कि गांव नेहरूगढ में पीने के पानी की समस्या का समाधान करने के लिए नई डीआई पाईप लाईन बिछाने के काम के लिए पीएचईडी कोसली द्वारा 188 लाख रुपये का इस्टीमेंट बनाकर भेजा गया है। प्रशासनिक स्वीकृति के बाद एक माह में कार्य करवा दिया जाएगा।
10 दिन में काम करने के दिए निर्देश
कारौली गांव में सौ-सौ वर्ग गज के प्लाट धारकों को 10 दिन में कब्जा दिलवाने बारे खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी नाहड को निर्देश दिए गए । गांव बास के अजय सिंह के द्वारा रखे गये परिवाद के संबंध में सीपीएस ने कहा कि लोक निर्माण विभाग रेवाडी द्वारा 123.63 लाख रुपये का संशोधित अनुमान मुख्यालय चंडीगढ़ को भेजा गया है ताकि सड़कों को चकाचक किया जा सके और लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिले।
उन्होंने इस कार्य को 10 दिनों के अंदर-अंदर पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीपीएस ने अन्य जनसस्याओं भी सुनीं और उनके निपटारे के लिए संबधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर कोसली क्षेत्र के विधायक बिक्रम सिंह यादव, बीजेपी व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश खोला, जिलाध्यश योगेन्द्र पालीवाल व महासचिव अमित यादव, रतनेश बंसल, ऊषा आर्य, मुख्यमंत्री के सुशासन सहयोगी रेवाडी विनीत भल्ला, उपायुक्त डॉ. यश गर्ग, एसडीएम बावल बीर सिंह कालीरमन, एसडीएम कोसली रानी नागर, सीटीएम बिजेन्द्र सिंह व अन्य अधिकारी तथा समिति के गैर सरकारी सदस्य भी मौजूद रहे।