रेवाड़ी। राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) की परीक्षा रविवार 30 नवंबर को आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिनमें लगभग 2164 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो सत्रों में होगी। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक प्रति माह एक हजार रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी।
परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। प्रथम सत्र में तर्क शक्ति व विश्लेषणात्मक क्षमता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। इस सत्र में कुल 90 प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। दूसरे सत्र में विद्यार्थियों की बौद्धिक योग्यता का आकलन किया जाएगा।
इस भाग में विज्ञान के 35, गणित के 20 और सामाजिक विज्ञान के 35 प्रश्न शामिल रहेंगे। दोनों ही सत्रों में सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे जिनमें प्रत्येक प्रश्न के चार विकल्प दिए जाएंगे। यह योजना शिक्षा मंत्रालय द्वारा चलाई जा रही है जिसका उद्देश्य सरकारी व अनुदान प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले जरूरतमंद प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है।
अभिभावकों की कुल वार्षिक आय 3.5 लाख रुपये से कम होना जरूरी
इस परीक्षा में वही विद्यार्थी बैठ सकते हैं जो राज्य के सरकारी या अनुदान प्राप्त विद्यालयों में आठवीं कक्षा में अध्ययनरत हों और सातवीं कक्षा पिछले सत्र में किसी सरकारी या अनुदान प्राप्त विद्यालय से उत्तीर्ण की हो। साथ ही अभिभावकों की कुल वार्षिक आय 3.5 लाख रुपये से कम होना जरूरी है। जिले के कोटे के अनुसार चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी।-
एससी को मिलता है 20 प्रतिशत आरक्षण
बीसीए को 16 प्रतिशत, बीसीबी को 11 प्रतिशत, एससी को 20 प्रतिशत और दिव्यांग वर्ग को तीन प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र की प्रति ऑनलाइन आवेदन के साथ अपलोड करनी होगी। विद्यार्थी का नाम, जन्म तिथि व अन्य विवरण आधार कार्ड और विद्यालय रिकॉर्ड के अनुसार ही स्वीकार किए जाएंगे। परीक्षा के लिए आवेदन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड या एससीईआरटी की वेबसाइट पर किए जा सकते हैं।
-
क्या है एनएमएमएस छात्रवृत्ति
मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एचआरडी) के अंतर्गत स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की ओर से वर्ष 2008 में राष्ट्रीय साधन सह पात्रता छात्रवृत्ति की केंद्र स्तर पर शुरुआत की गई थी। ये छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को वित्तीय मदद प्रदान करने के लिए बनाई गई है। सालाना 12 हजार रुपये की राशि प्रदान कर इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को माध्यमिक शिक्षा कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
-
पिछले वर्ष 143 विद्यार्थियों का हुआ था चयन
पिछले वर्ष परीक्षा में जिले से कुल 2348 ने आवेदन किया था। इसमें से 2199 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें से उत्तीर्ण 143 विद्यार्थियों का चयन हुआ था, जिन्हें प्रतिमाह विभाग की ओर से 1 हजार रुपये की राशि दी जा रही है।
इन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी छात्रवृत्ति परीक्षा
1. राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रेलवे रोड
2. राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भड़ावास गेट के पास
3. राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोकलगढ़
4. हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन
5. जैन बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिविल अस्पताल के पास
6. जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिविल अस्पताल के पास
7. जैन बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिविल अस्पताल के पास
8. जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिविल अस्पताल के पास
वर्जन
एनएमएमएस के लिए रविवार को 8 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। छात्रवृत्ति परीक्षा में मानसिक योग्यता परीक्षण आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल 90 प्रश्न होंगे जो प्रत्येक एक-एक अंक का होगा वेबसाइट पर कर सकते हैं।
-अशोक कुमार नामवाल, (डीएमएस) नोडल अधिकारी, शिक्षा विभाग रेवाड़ी।