धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर हुए सड़क हादसे में घायल गांव टहना दीपालपुर निवासी मोटर मैकेनिक संदीप की पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई।
गांव टहना दीपालपुर निवासी वीरपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका छोटा भाई संदीप शनिवार शाम करीब 5 बजे मोटरसाइकिल से अपनी मौसी के घर भिवाड़ी जा रहा था। जब वह खरखड़ा गांव के पास एक रिसोर्ट के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक पैर शरीर से अलग हो गया। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर धारूहेड़ा थाना पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।