संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। गांव गुरावड़ा स्थित शराब के ठेके पर कार में सवार होकर आए नकाबपोश तीन आरोपियों ने मारपीट कर करीब एक लाख रुपये की शराब और 10 हजार की नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने पॉलिथीन से कैमरे को ढक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। ठेकेदार की शिकायत के बाद रोहड़ाई थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। तीन आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए।
जानकारी के अनुसार, शराब ठेकेदार मंदीप ने बताया कि उसका गांव गुरावड़ा स्थित नूरगढ़ रोड पर शराब ठेका है। मंदीप का आरोप है कि बीती रात एक गाड़ी और एक अन्य वाहन में सवार होकर कुछ आरोपी उसके ठेके पर पहुंचे। तीन-चार आरोपियों ने नकाब लगाया हुआ था। ठेके पर पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर लकड़ी के सहारे पॉलिथीन लगा दी। इसके बाद ठेके के अंदर मौजूद सेल्समैन के साथ मारपीट की।
मंदीप ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके शराब ठेके से करीब एक लाख रुपये की देसी-अंग्रेजी शराब और बीयर के अलावा 8 से 10 हजार रुपये लूट ले गए। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सेल्समैन ने इसकी सूचना तुरंत शराब ठेकेदार को दी। ठेकेदार ने बताया कि आरोपी रात मंगलवार रात करीब पौने 10 बजे उसके ठेके पर पहुंचे थे। आरोपियों ने चेहरे पर नकाब लगाया हुआ था, जिससे उनके चेहरे पहचान में नहीं आए।
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
ठेकेदार की तरफ से एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई है। फुटेज में तीन आरोपी ठेके के सामने आकर पहले अंदर झांकते हुए दिखे। इनमें एक युवक डंडा लेकर पहुंचा, जिसने ठेके पर लगे दोनों सीसीटीवी कैमरों पर पॉलिथीन डालकर ढक दिया। इसके बाद का घटनाक्रम कैमरे ढके होने के कारण कैद नहीं हो पाया। ठेकेदार ने इसी फुटेज के आधार पर पुलिस को शिकायत दी है। फिलहाल रोहड़ाई थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।