फोटो : 20 जीत हासिल करने पर विजेताओं को बधाई देते अमित स्वामी। स्रोत : एसोसिएशन
रेवाड़ी। रेवाड़ी पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से 28 सितंबर को बावल सेक्टर-2 में बेंच प्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमं विभिन्न वर्गों के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए शानदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
सब जूनियर में 83 किलोग्राम वजन वर्ग में पातूहेड़ा निवासी मनीष खटाना ने 90 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। इसी श्रेणी में विदित कुमार ने 66 किलोग्राम वर्ग में 60 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
जूनियर वर्ग में बालधन कलां निवासी दुष्यंत ने 74 किलोग्राम वर्ग में 130 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक और जूनियर स्ट्रांगमैन का खिताब अपने नाम किया। पातूहेड़ा निवासी देवेंद्र ने 120 किलोग्राम वर्ग में 137 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
सीनियर वर्ग में पातूहेड़ा निवासी उदन सिंह ने 105 किलोग्राम वर्ग में 177.5 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक व सीनियर रॉ स्ट्रांगमैन का खिताब जीता। वहीं, बालधन कलां निवासी प्रद्युम्न आर्य ने 105 किलोग्राम सीनियर इक्विप्ड वर्ग में 260 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक और सीनियर स्ट्रांगमैन का टाइटल हासिल किया।
प्रतियोगिता के बाद सभी विजेता खिलाड़ी अपनी उपलब्धियों के साथ एशियन बॉडी बिल्डिंग एवं फिजिक स्पोर्ट्स फेडरेशन के महानिदेशक अमित स्वामी से मिलने उनके निवास पर पहुंचे।
अमित स्वामी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह गौरव की बात है कि ग्रामीण अंचल के खिलाड़ी मेहनत और लगन से खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
सभी विजेता खिलाड़ियों का चयन आगामी नवंबर माह में बहादुरगढ़ में होने वाली हरियाणा स्टेट पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इस अवसर पर जिले के दिव्यांग अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग खिलाड़ी संजय पहलवान भी मौजूद रहे।