रेवाड़ी। शहर में बेसहारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार रात करीब सवा 9 बजे पुरानी सब्जी मंडी के पास गाय ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के लिए पीजीआई में भेज दिया गया है। व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक घायल की पहचान नहीं हो पाई थी।
बेसहारा पशुओं के हमले की घटनाएं पहले भी गंभीर रूप ले चुकी हैं। इसी माह पशुओं के हमले में दो बुजुर्गों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद शहर में पशुओं की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो पाई है। आए दिन पशुओं के कारण लोगों के घायल होने और यातायात प्रभावित होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
प्रशासन की ओर से बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान भी चलाया गया है, लेकिन इसका अपेक्षित असर दिखाई नहीं दे रहा। शहर में कई जगह अब भी पशुओं का बसेरा बना हुआ है।