रेवाड़ी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील रूप से एडिट की गई फोटो व वीडियो पोस्ट करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पहचान राजस्थान के जिला अलवर के गांव धीरधोका निवासी राजेश कुमार है।
10 जनवरी को एक महिला ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसने इंस्टाग्राम पर अपनी एक आईडी बनाई हुई है। इस पर वह अपनी रील वीडियो पोस्ट करती थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बना ली।
इस पर उनकी वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील फोटो व वीडियो पोस्ट करने लगा। महिला ने आरोप लगाया था कि वह व्यक्ति अलग-अलग आईडी से उसे मैसेज भेजता था और उसकी आईडी पर आपत्तिजनक व अश्लील कमेंट करता था।
इसके बाद लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर उसने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से सभी पोस्ट हटा दी। बताया कि फर्जी आईडी से पोस्ट की गई तस्वीरों के स्क्रीनशॉट उसके पास है। पुलिस ने साइबर थाना में एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू की व आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।