संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 36.18 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में एक और आरोपी मध्यप्रदेश के जिला राजगढ़ के चारागंज तलेनी निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ बंटी शर्मा को गिरफ्तार किया गया गया है। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
एसपी कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार 23 अगस्त 2025 को सरकुलर रोड निवासी धीरज शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसने सोशल मीडिया पर शेयर मार्केट में निवेश करने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर अंकित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर उसे शेयर मार्केट में निवेश करने पर मोटा मुनाफा कमाने के टिप्स दिए गए।
इसके बाद उससे अलग-अलग खाता नंबरों पर शेयर खरीदने के लिए पैसे ट्रांसफर कराने शुरू कर दिए। उससे 20 जुलाई 2025 से 19 अगस्त 2025 तक 10 बैंक खातों में कुल 36,18,080 रुपये ट्रांसफर करा लिए। उसके शेयर खाते में लगभग 4.33 करोड़ रुपये दर्शाए गए। जब उसने राशि निकालने का प्रयास किया, तो उससे 10 लाख रुपये और ट्रांसफर करने को कहा गया।
इसके बाद उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ। आरोपी ने हर्ष कदम व दीपक सिंह चौहान का बैंक खाता 20 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।