संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हमारे देश की आत्मा ऋषि-मुनियों में बसती है। महर्षि कश्यप के आदर्श और शिक्षा समाज को एकता व समृद्धि की दिशा में प्रेरित करते हैं। उनके विचार पर प्रदेश सरकार समाज में बड़ा बदलाव ला रही है। सरकार समाज उत्थान को लेकर संकल्पित है। अब हमें मिलकर युवा पीढ़ी को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाना है।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को देवी नगर स्थित कश्यप चौपाल में पहुंचकर महर्षि कश्यप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप के सिद्धांत भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अहम योगदान दे रहे हैं।
समाज के जुझारू लोगों ने खेल, खलिहान, शिक्षा, विज्ञान, सेना से लेकर आसमान तक अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है और समाज व राष्ट्र को प्रगति पथ पर लेकर जाने में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए हमें मिलकर युवाओं को अच्छी शिक्षा व संस्कार देने होंगे, ताकि वो प्रतिस्पर्धा भरे दौर में खुद को साबित कर सकें। उन्होंने कश्यप चौपाल के निर्माण में स्वैच्छिक कोष से 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।
समिति सदस्यों ने कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को पगड़ी पहनाकर व महर्षि कश्यप का चित्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. रमेश कश्यप, सुंदर कश्यप, डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, करतार मलिक, नरेंद्र गहलावत, श्याम लाल वशिष्ठ, भूपेंद्र मुदगिल, धूला राम, राजू पटवा, सुनील कुमार, नन्हा राम, नरेंद्र कुमार, मोनू पांचाल उपस्थित रहे।