संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। गांव धामलावास स्थित प्राचीन मंदिर में जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों पर पुलिस की ओर से सामान्य धाराओं में केस दर्ज करने पर अस्पताल में उपचाराधीन महंत ज्योति आदित्यनाथ छुट्टी मिलने के बाद अनशन पर बैठेंगे। महंत ने आरोप लगाया कि शुरू से ही इस मामले में पुलिस का रवैया कमजोर रहा है जिसकी वजह से उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है।
23 मार्च की रात गांव धामलावास स्थित प्राचीन मंदिर में महंत ज्योति आदित्यनाथ पर गांव के ही कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। हमले में महंत गंभीर रूप से घायल हो गए थे। साथ ही आरोपियों ने पैसे भी छीन लिए थे। इसके बाद महंत को शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। हमलावार ट्रॉमा सेंटर तक पहुंच गए थे। यहां आरोपियों का अन्य ग्रामीणों के साथ झगड़ा हो गया था। जिसमें कई लोगों को चोटें आई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। बाद में आरोपियों को कोर्ट से जमानत मिल गई थी। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए महंत ज्योति आदित्यनाथ का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बीच महंत ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की। सामान्य धाराओं में केस दर्ज करने की वजह से उन्हें जमानत मिल गई। महंत ने कहा कि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अनशन पर बैठेंगे। वहीं दूसरी तरफ महंत के समर्थन में ग्रामीण भी लामबंद होने शुरू हो गए है। ग्रामीणों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।