दिल्ली-जयपुर हाईवे पर आसलवास के समीप कार में सवार होकर आए 6 बदमाशों ने ट्रक चालक व परिचालक से पिस्तौल के बल पर 12 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन उनका सुराग नहीं लग पाया। माडल टाउन थाना पुलिस ने चालक की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के एटा जिले के गांव पलीगांव निवासी सुधीर सिंह ने बताया कि वह ट्रक चालक है तथा मैनपुरी जिले के गांव पहाड़पुर निवासी सुमित परिचालक है। बुधवार रात को 11 बजे वे दोनों राजस्थान के अलवर जिले के बहरोड से पाइप लेकर एटा के लिए निकले थे। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कसौला थाना क्षेत्र के गांव आसलवास के समीप ट्रक में खराबी आने के कारण सर्विस रोड पर ट्रक को खड़ा कर वे टायर चेक कर रहे थे। इसी दौरान एक कार में सवार होकर छह बदमाश वहां पहुंच गए। उन्होंने पिस्तौल के दम पर दोनों को बंधक बनाकर कार में बिठा लिया। एक आरोपी ने परिचालक सुमित की कनपटी पर पिस्तौल लगाकर 12 हजार रुपये व मोबाइल छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को सूूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पीड़ितों की निशानदेही पर नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। माडल टाउन थाना पुलिस ने चालक सुधीर की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
माडल टाउन थाने के एसएचओ बिजेंद्र कुमार ने बताया कि चालक की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिश शुरू कर दी है। जल्द ही बदमाशों को काबू कर लिया जाएगा।