लोकशेड में तैयार किया गया टाय ट्रेन का ट्रैक।
रेवाड़ी की अनमोल धरोहर हैरिटेज लोकोशेड में शनिवार दोपहर को रेलवे बोर्ड के सदस्य रविंद्र गुप्ता ने टॉय व गार्जियन स्केल खिलौना ट्रेनों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ मुख्य यांत्रिक अभियंता अनिल हांडा, दिल्ली मंडल रेल प्रबंधक अरुण अरोड़ा, रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक सुब्रोतो नाथ मौजूद थे। उन्होंने लोकोशेड परिसर में नवीनीकृत रेवाड़ी हेरिटेज स्टीम शेड का उद्घाटन भी किया। वे दिल्ली से फेयरी क्वीन स्टीम इंजन से अपनी साथी अधिकारी के साथ रेवाड़ी लोकोशेड पहुंचे थे। उनके साथ दिल्ली से सैलानी भी लोकोशेड का दीदार करने आए।
टॉय ट्रेन की सवारी की
रेलवे बोर्ड सदस्य रविंद्र गुप्ता व उनके साथ आए अन्य रेलवे अधिकारियों ने खिलौना ट्रेन की सवारी की। उन्होंने कहा कि टॉय ट्रेन बच्चों के लिए सबसे बड़ा मनोरंजन का साधन बनेगी। खिलौना ट्रेन के लिए चार ट्रैक बनाए गए हैं। यह ट्रेन 10 से 15 डिब्बों के साथ ट्रैक पर दौड़ेगी तथा बच्चों के मनोरंजन के लिए मॉडल स्वरूप मिनी स्टेशन भी बनाए गए हैं, जिनका नाम दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, रेवाड़ी, शिमला, गुना, हिमाचल स्टेशन रखा गया है।
थ्री-डी फिल्म बताएगी रेलवे का इतिहास
रेलवे बोर्ड की टीम ने शनिवार को लोकेशेड परिसर में थ्री-डी सिस्टम वाले स्टीम सिम्युलेटर, कोच सिम्युलेटर का भी शुभारंभ किया। इनमें प्रोजेक्टर पर थ्रीडी फिल्म चलेगी व कोच में बैठने वाले पर्यटकों को चलती ट्रेन की यात्रा का एहसास होगा। इसके अलावा प्रोजेक्टर के माध्यम से बच्चों को स्टीम इंजन और रेलवे के इतिहास की भी जानकारी मिलेगी।