पंच, सरंपच, ब्लॉक समिति और जिला परिषद के पहले चरण के तहत रविवार को जिले के बावल व रेवाड़ी ब्लॉक में मतदान होगा। शनिवार को चुनाव से ठीक एक दिन पहले प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी।
देर रात तक प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ घर-घर जाकर अपने लिए वोट मांगते नजर आए। उधर चुनाव को लेकर मतदाताओं में काफी जोश नजर आया। ग्रामीणों के बीच दिनभर एक ही चर्चा का विषय रहा और वो है मतदान। ग्रामीण अपने वोट के अधिकार का प्रयोग करने के प्रति भी काफी जागरूक नजर आ रहे हैं। लोगों का यही कहना है कि वे अपने मत के अधिकार का प्रयोग अवश्य करेंगे।
एक नजर में जानिए मतदान की प्रक्रिया
-सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा।
-जिला परिषद सदस्य, ब्लॉक समिति सदस्य और सरपंच पद के लिए मतदान ईवीएम से होगा। पंच पद के लिए मतदाताओं को बैलेट पेपर दिए जाएंगे।
-मतदान के बाद पंच और सरपंच पदों के लिए डाले गए मतों की गांव में ही बने बूथ पर गिनती होगी। गिनती के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
-ब्लॉक समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान के बाद ईवीएम को गर्ल्स कॉलेज में पहुंचाई जाएंगी। इनके मतों की गिनती 28 जनवरी को होगी।
यूं समझिए एक वोट की कीमत
-1999 में भाजपा की सरकार बनी थी। अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री बने। लेकिन जब लोकसभा में बहुमत सिद्ध करने की बारी आई तो एक वोट कम मिलने से भाजपा की सरकार गिर गई।
-राजस्थान में 2008 में हुए विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे सीपी जोशी एक वोट से हार गए थे। न तो वह एमएलए बन सके और उनका मुख्यमंत्री बनने का सपना भी पूरा नहीं हो प्रदेश। हालांकि मामला बाद में कोर्ट में भी गया था।