गांव बास बिटौड़ी में रिटायर्ड वायु सैनिक 60 वर्षीय महाराम की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस की जांच में महाराम का हत्यारा उनके गांव का ही रहने वाला एलएलबी का छात्र विशाल निकला। विशाल ने चोरी करने की नियत से वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने विशाल व गांव खालेटा निवासी साहिल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने प्रेसवार्ता में बताया कि महाराम गांव में अकेले रहते थे। आपसी विवाद के चलते उनकी पत्नी बेटे के साथ अलग रह रही थी। आरोपी विशाल सहारनवास कॉलेज में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। वह महाराम के घर पर अक्सर दूध लेने व घरेलू सामान लाने के लिए आता रहता था।