रेवाड़ी। श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में सोमवार 22 जनवरी को भगवान श्री राम की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के चलते जिला में आज शराब की सभी दुकानें व ठेके बंद रहेंगें।
सरकार के निर्देशानुसार जिलाधीश राहुल हुड्डा ने आदेश जारी कर दिए हैं। जिलाधीश राहुल हुड्डा ने अपने आदेशों में कहा है कि आज भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर देशभर में उत्सव का माहौल है। जिला में अमन और शांति कायम रखने को लेकर आबकारी एवं कराधान विभाग, हरियाणा ने प्रदेशभर में प्रत्येक जिला में शराब की सभी सरकारी दुकानें व ठेके बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने डीईटीसी एक्साईज को जिला में आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में किसी भी प्रकार का कोई मुआवजा या लाइसेंस शुल्क में राहत नहीं दी जाएगी।