कोसली। नांगल पठानी गांव में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की रेवाड़ी टीम ने अवैध रूप से चल रहे शराब ठेके पर छापा मारा। ठेके पर अवैध रूप से बेची जा रही अंग्रेजी व देसी शराब और बीयर की बोतलें बरामद हुईं। मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम में शामिल इंस्पेक्टर सुबे सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नांगलपठानी गांव में अवैध शराब का ठेका चल रहा है। जहां अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद टीम आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह व जाटूसाना थाने के एएसआई राजेश कुमार को साथ लेकर ठेके पर पहुंची। ठेके पर मौजूद सेल्समैन से नाम, पता पूछा गया तो उसने अपना नाम राजेंद्र खोला निवासी नांगलपठानी बताया। ठेके पर शराब की बिक्री के संबंध में वह कोई लाइसेंस अथवा परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। ठेके के भीतर रखे शराब के स्टाक की जांच की गई तो उसमें अंग्रेजी शराब की 43 बोतल, 22 अद्धे व 94 पव्वे, देसी शराब की 22 बोतल, 22 पव्वे व 16 बोतल बीयर बरामद हुई। शराब को कब्जे में लिया गया और अवैध रूप से शराब की बिक्री करने व अवैध ठेका चलाकर सरकारी राजस्व को चूना लगाने के आरोप में मामला दर्ज कराया गया है।