रेवाड़ी। सवा साल पहले 5 करोड़ रुपये की लागत से दोबारा बनी ४.२५ किलोमीटर लंबी शहर की लाइफ लाइन...यानी सर्कुलर रोड पर हजारों राहगीरों का जीवन खतरे में है। इस रोड पर करीब सवा चार किलोमीटर के दायरे में दर्जनभर स्कूल और अस्पताल है और सड़क के अलावा पास की गलियों में खुले दर्जनों स्कूलों के करीब 20 हजार बच्चे हर दिन यहां गुजरते हैं। इसके अलावा हर दिन हजारों मरीजों का भी इसी रोड से आवागमन होता है। इसके बावजूद यहां न तो ब्रेकर हैं और न ही जेब्रा क्रॉसिंग, संकेतक हैं। जो दो ट्रैफिक लाइट हैं, वह भी खराब है।
इसके अलावा कुछ दिन पहले ही रेलवे चौक पर एंबुलेंस ने एक व्यक्ति को कुचल दिया। बावजूद इसके राजनैतिक और प्रशासनिक बेरुखी के चलते ऐसा नहीं लगता कि इस सड़क को वाकई लाइफ लाइन बनाने का कोई प्रयास किया है। इससे यह सर्कुलर रोड खतरों से भरी दिखती है। मामले पर पूर्व मंत्री और विधायक रहे कैप्टन अजय सिंह यादव का कहना है कि सर्कुलर रोड पर कई अस्पताल और स्कूल हैं। ऐसे में जेब्रा क्रॉसिंग जरूरी, स्पीड ब्रेकर होने बेहद जरूरी हैं। जिससे लोग बिना खतरे के सफर कर सकें।
--------
अस्पताल, स्कूल और कई बैंक हैं सर्कुलर रोड पर
सर्कुलर रोड के किनारे पर ही नागरिक अस्पताल और इसी सड़क के दूसरी ओर ट्रामा सेंटर है। जहां रोजाना सैकड़ों मरीज और उनके तीमारदार का दिन भर आना जाना लगा रहता है। यही नहीं ट्रामा सेंटर से एक्स-रे कराने के लिए भी नागरिक अस्पताल आना होता है। इसके अलावा नाईवाली चौक और धारूहेड़ा चुंगी के पास भी कई निजी अस्पताल इसी सड़क पर हैं। वहीं कई निजी और सरकारी शिक्षण संस्थाएं और सभी प्रमुख बैंकों की ब्रांच भी लाइफ लाइन पर ही हैं।
--------
यातायात नियमों की उड़ती हैं धज्जियां
ट्रैफिक नियमों की ही बात करें तो अस्पताल, स्कूल के दोनों ओर धीरे चलें बोर्ड के साथ स्पीड लिमिट लिखी होती है। वहीं जेब्रा क्रॉसिंग और स्पीड ब्रेकर भी अनिवार्य होते हैं। लेकिन शहर की लाइफ लाइन पर कहीं भी स्पीड लिमिट का बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और जेब्रा क्रॉसिंग नहीं दिखाई देती है। जिससे वाहन बेधड़क 40 और कुछ युवा राइडर तो कट मारते हुए 60 से भी ज्यादा स्पीड पर इसी सड़क पर वाहन दौड़ाते हैं। जिससे स्कूलों और अस्पतालों के आसपास दुर्घटना का खतरा हमेशा मंडराता रहता है।
विधायक का कहना: इस बार रखेंगे ध्यान
विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास का कहना है कि सर्कुलर रोड के पुनर्निर्माण का काम होना है। जल्द ही सभी स्कूलों, अस्पतालों के आसपास स्पीड ब्रेकर, संकेतक और जेब्रा क्रॉसिंग बनवाई जाएगी। जिससे राहगीरों को परेशानी न हो।