संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। गांव टीकला निवासी लेफ्टिनेंट अन्नी नेहरा (21) को देहरादून में भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में बेस्ट ऑलराउंड कैडेट होने पर स्वॉर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। गांव लौटने पर अन्नी का बनीपुर चौक पर ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। बनीपुर चौक से ग्राम टिकला तक रोड शो निकाला गया।
किसान नेता रामकिशन महलावत ने अन्नी की उपलब्धि की सराहना की। पूर्व केबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि बावल ने अनेक सैनिक दिए हैं। युवाओं का रुझान सेना में बढ़ रहा है।
अन्नी के पिता और दादा भी सेना में रहे हैं। अब अन्नी को सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट में कमीशन दिया गया है। अन्नी के भाई अंकुश का भी चयन एनडीए में हो गया है। वह अभी पुणे में ट्रेनिंग कर रहा है। अन्नी का सपना बचपन से ही सेना में बड़ा अफसर बनने का था।
अन्नी ने कहा कि उन्हें सेना में अफसर बनने की प्रेरणा दादा और पिता से मिली। उनकी मां सुमन गृहिणी हैं। इस अवसर पर रामकिशन महलावत, वीरेंद्र सिंह, जसवंत सिंह, कुलदीप, अजीत सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
अन्नी नेहरा ने पहली से पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई पड़ोस के गांव दुल्हेड़ा में की। इसकी बाद आगे की पढ़ाई कर्नाटक के बेलगाम में नेशनल मिलिट्री स्कूल से की। 2014 में लिखित परीक्षा के तहत उनका चयन छठी कक्षा में हुआ था। 2021 में जब उन्होंने 12वीं कक्षा पास की, तो उसी समय उनका चयन एनडीए में हो गया। मां सुमन और पिता देवेंद्र खुद आईएमए की पासिंग आउट परेड के गवाह बने। ये परेड शनिवार को हुई थी।