संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम बनाने की मांग को लेकर उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा। वकीलों ने वीरवार को दूसरे दिन भी कार्य स्थगित कर विरोध प्रदर्शन किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरभ राव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग को मांग पत्र सौंपा।
अधिवक्ताओं की मांग है कि अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए। इस संदर्भ में अधिवक्ता संरक्षण बिल को विधानसभा में पारित कर अधिनियम के रूप में क्रियान्वित किया जाए। दिन-प्रतिदिन अधिवक्ताओं के ऊपर हिंसक गतिविधियां हो रही हैं जिस कारण अधिवक्ताओं को प्रोटेक्शन दिए जाने की अत्यंत आवश्यकता है। इसके लिए राजस्थान सरकार अधिवक्ताओं के संरक्षण अधिनियम को पहले ही पारित कर चुकी है। हरियाणा में भी अधिवक्ताओं के संरक्षण के लिए कानून लागू तुरंत प्रभाव से किया जाए। इस मौके पर अध्यक्ष सौरभ राव, सचिव सुखराम, कोषाध्यक्ष सोमेंद्र, वरिष्ठ अधिवक्ता रणधीर सिंह, यशपाल सिंह, अमित चौहान, मोनिका, अनिल अत्री, सुमन, अश्विनी तिवारी, यशपाल यादव, राकेश राव, त्रिलोकचंद तोंगड़, अरविंद यादव, विनोद यादव, सुजान सिंह यादव, रविंद्र मेहरा, सूर्यकांत सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।