रेवाड़ी। राव तुलाराम स्टेडियम में लॉन टेनिस कोर्ट, पार्किंग और पानी की टंकी का उद्घाटन सोमवार को विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने किया।उन्होंने कहा कि स्टेडियम में ट्रैक का निर्माण भी करवाया जाएगा।
विधायक ने कहा कि सरकार ने पूरे प्रदेश में एक समान विकास करवाया है। सभी गांवों में व्यायामशाला खोली गई है। ओपन जिम भी स्थापित किए गए हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का अभाव न हो। कहा कि राव तुलाराम स्टेडियम में ट्रैक का निर्माण करवाया जाएगा, ताकि युवाओं को अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का मौका मिले। उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेने वाले युवाओं को नौकरी व पुरस्कार भी प्रदान किये जा रहे हैं।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करने में जिला प्रशासन सक्रिय भूमिका अदा कर रहा है। उन्होंने बताया कि खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल विभाग के माध्यम से बेहतर खेल सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के युवा खेलों के दम पर देश-दुनिया में अपनी पहचान कायम करें। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव व डीसी अभिषेक मीणा ने स्टेडियम परिसर में पौधरोपण भी किया।