रेवाड़ी। पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के संस्थापक एवं संघ रक्षक कप्तान वीर सिंह यादव ने बताया कि संगठन के प्रयासों से रेवाड़ी के सेक्टर-10 में सैनिक सदन के लिए जमीन आवंटित कर दी गई है।
इस सैनिक सदन में पूर्व सैनिकों से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि सैनिक सदन में सीएसडी कैंटीन, ईसीएचएस अस्पताल और सैनिक बोर्ड कार्यालय जैसी सुविधाएं संचालित होंगी, जिससे जिले के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को काफी राहत मिलेगी।
कप्तान वीर सिंह यादव ने कहा कि जमीन आवंटन के बाद 2 करोड़ 75 लाख रुपये जमा करवाने थे। इसके लिए संगठन ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा सरकार में मंत्री आरती सिंह राव और मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी से सहयोग की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि अब सैनिक सदन के लिए आवश्यक राशि जमा करवा दी गई है और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के खाते में भी पैसे पहुंच चुके हैं। पूर्व सैनिक कल्याण संगठन रेवाड़ी की ओर से सभी पदाधिकारियों और पूर्व सैनिकों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और मंत्री आरती राव का आभार जताया है। संगठन ने सरकार से सैनिक सदन भवन निर्माण के लिए जल्द फंड जारी करने की भी मांग की है।