पुलिस ने ठगी मामले में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
- फोटो : संवाद
रेवाड़ी साइबर थाना पुलिस ने सेक्टर-4 निवासी अजीत सिंह से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 19.30 लाख रुपये की ठगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के दौसा जिले के झिलकी ढी जागीर निवासी महेंद्र सैनी, अलवर जिले के पिनान निवासी सुरेंद्र और अलवर के प्रतापपुरा निवासी सचिन गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि महेंद्र सैनी के बैंक खाते में ठगी की एक लाख रुपये की राशि ट्रांसफर हुई थी। सुरेंद्र और सचिन गुर्जर ने साइबर ठगों को महेंद्र का बैंक खाता उपलब्ध कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी से संबंधित साक्ष्य बरामद किए हैं और अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
ठगी का तरीका
एसपी कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अजीत सिंह ने शिकायत में बताया कि 5 अगस्त को वह अपने मोबाइल पर यश सिक्योरिटीज के बारे में गूगल पर सर्च कर रहे थे। उसी दौरान उनके व्हाट्सएप पर एक लिंक आया, जिसके जरिए उन्हें खाता खोलने के लिए कहा गया। लिंक के माध्यम से अजीत ने अपनी आईडी बनाई और शेयर मार्केट में निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। शुरुआत में उन्होंने पैसे निवेश करने से इनकार किया, लेकिन बार-बार दबाव बनाने पर उन्होंने अपनी पत्नी के खाते से पहले 5 हजार रुपये और फिर 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए।
19.30 लाख की ठगी
आरोपियों ने अजीत के खाते में भारी मुनाफा दिखाकर विश्वास जीता और कई ट्रांजेक्शन के जरिए उनसे कुल 19.30 लाख रुपये हड़प लिए। जब अजीत ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उनसे अतिरिक्त 16.43 लाख रुपये जमा करने की मांग की गई। शक होने पर अजीत ने पुलिस में शिकायत दर्ज की।साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज, बैंक डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।