संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा 14 सितंबर को रेवाड़ी में आएंगी। वह जनसभा को संबोधित करने के बाद कांग्रेस के जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगी।
पहली सितंबर को रेवाड़ी ग्रामीण जिला अध्यक्ष के कार्यालय का उद्घाटन करने रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा पहुंचे थे। ऐसे में दो गुट देखने को मिल रहे हैं। कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष वार्ड-3 के पार्षद प्रवीण चौधरी ने बताया कि रेवाड़ी में सर्कुलर रोड स्थित बड़े डाकखाने के सामने शहरी कांग्रेस जिला कार्यालय बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री कुमारी सैलजा संत रविदास मंदिर में बतौर मुख्य अतिथि जनसभा को संबोधित करेंगी। वहीं, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव व हरियाणा कांग्रेस सहप्रभारी जितेंद्र बघेल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रेवाड़ी के पूर्व विधायक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजस्थान सहप्रभारी चिरंजीव राव करेंगे। चौधरी ने बताया कि सुबह 10 बजे जनसभा के बाद डाकखाने के सामने शहरी कांग्रेस जिला कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा।
चौधरी ने कहा कि इस दिन कांग्रेस के अनेक बड़े नेताओं की मौजूदगी रहेगी। उन्होंने कहा कि एक विशाल जनसभा के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, बीजेपी की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 14 सितंबर से रेवाड़ी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जहां लोगों को बताएंगे वहीं आने वाले दिनों में रेवाड़ी शहरी कांग्रेस की ओर से भी शहर की तमाम समस्याओं के खिलाफ हल्ला बोला जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।