रेवाड़ी। कोसली अनाज मंडी में आमजन की शिकायतों की सुनवाई करते विधायक अनिल यादव। स्रोत: प्रवक्ता
कोसली। नाहड़-साल्हावास आरओबी पर लोक निर्माण विभाग की ओर से 83 लाख 77 हजार की लागत से स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। यह जानकारी शुक्रवार को स्थानीय अनाज मंडी में आयोजित समाधान शिविर में कोसली के विधायक अनिल यादव ने दी।
उन्होंने कहा कि हलका के विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। बजट सत्र के दौरान उन्होंने विधानसभा में कोसली रेलवे लाइन पर बनने वाले अंडरपास, कोसली के अधूरे पड़े बाईपास, आईएमटी का काम आगे बढ़ाने और पानी निकासी का प्रबंध किए जाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। जिस पर उन्हें उम्मीद है कि सरकार अवश्य कार्रवाई करेगी।
समाधान शिविर में विधायक अनिल यादव ने बताया कि कोसली आरओबी से हजारों वाहन रोजाना गुजरते हैं। इस पुल पर रोशनी का प्रबंध करने के लिए 83 लाख 77 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। यह राशि स्वीकृत होकर बीएंडआर के पास आ चुकी है। उन्होंने आम जनता की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुना और मौके पर ही विभागीय कर्मचारियों व अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएसपी विद्यानंद, मार्केट कमेटी के चेयरमैन महेश यादव, चेयरमैन कपिल, जिला पार्षद शारदा यादव, वाइस चेयरमैन दिनेश गोयल सहित अनेक पंच-सरपंच मौजूद रहे।