रेवाड़ी। इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है। वहीं बीते एक सप्ताह में सब्जियों के भाव लगातार बढ़ रहे हैं। सब्जियों के एक सप्ताह पहले और अब के भाव में काफी अंतर है। इससे रसोई का बजट बिगड़ गया है। इस वजह से गृहणियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सब्जियों के थोक के भाव बढ़ने के कारण इसका असर आम लोगों की जेब पर पड़ना लाजिमी है। थोक के भाव बढ़ने से सब्जियों के दामों में काफी उछाल आया है। मौसम में बदलाव के साथ-साथ प्याज और लहसुन के दामों में बढ़ोतरी से लोगों के रसोई का बजट बिगड़ गया है। सब्जी मंडी के आढ़तियों का कहना है कि अधिक बारिश और ओलावृष्टि के कारण आवक कम हो रही है। इसके चलते मंडी और फुटकर बाजारों में सब्जियों के रेट बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में सब्जियों के भाव में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
थोक के भाव बढ़े
सब्जी मंडी के सब्जी विक्रेता हरि राम, रमेश, बीर सिंह, विजय ने कहा कि सब्जियों के थोक के भाव पहले की अपेक्षा अधिक हो गए हैं। इसके चलते उन्होंने भी उसी के अनुसार सब्जियों के दाम बढ़ा दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाव अधिक होने के कारण टमाटर, प्याज और लहसुन की बिक्री में काफी कमी आई है। जिले में सब्जियां दिल्ली और राजस्थान से आती हैं।
घरेलू बजट के हिसाब से सब्जियां खरीदने को मजबूर
गृहणी रेखा, सरिता, संतोष, बबीता, मनीषा आदि ने कहा कि बीते एक सप्ताह से पांच-छह दिनों से सब्जियों के दाम काफी अधिक होने के कारण इसका असर बजट पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले वे सप्ताह भर की सब्जी एक साथ खरीदती थीं, लेकिन प्याज, टमाटर और दूसरी सब्जियां महंगी होने के कारण वे अब घरेलू बजट के हिसाब से सब्जियां खरीदने को मजबूर हैं।
सब्जी एक सप्ताह पहले का भाववर्तमान भाव
प्याज 30 40
आलू 20 30
गोभी 20 40
खीरा 20 - 30
बैंगन 20 30
टमाटर 30 40
हरी मिर्च 60 100
शिमला मिर्च 30 60
मटर 40 60
अदरक 120 140