खोल। गांव खोल के फुटबॉल खेल मैदान में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की कुल 10 टीमों ने भाग लिया। पहले सेमीफाइनल में खोल-ए ने चमारखेड़ा (हिसार) को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में आसरा का माजरा ने खेड़ी तलवाना को पराजित किया।
प्रतियोगिता में खेड़ी तलवाना की दो टीमें, धनोंधा, रेवाड़ी, चमारखेड़ा (हिसार), आसरा का माजरा, चरखी दादरी, बालावास जाट तथा मेजबान गांव खोल की दो टीमें शामिल रहीं।
फाइनल मुकाबला खोल और आसरा का माजरा के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक प्रदर्शन के बीच खोल की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 5,100 रुपये तथा उपविजेता टीम को 3,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी विपिन यादव ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं बल्कि यह टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। प्रतियोगिता का समापन गांव खोल के समाजसेवी लालसिंह ने किया।