संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग और मनोविज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रो. तेजप्रताप ने कहा कि सफलता के लिए विद्यार्थी लक्ष्य बड़ा रखें।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगीत से हुआ। डॉ. मुकेश कुमार ने मुख्य अतिथि प्रो. तेजप्रताप और विशिष्ट अतिथि प्रो. विकास बत्रा का स्वागत किया। प्रो. विकास बत्रा ने कहा कि इंडक्शन कार्यक्रम का उद्देश्य पाठ्यक्रम में शामिल नए विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक वातावरण में समायोजित करने और आरामदायक महसूस करने में मदद करना होता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी अकादमिक संरचना, वैकल्पिक एवं व्यवसायिक विषय सहित प्रशिक्षुता, प्रशिक्षु, परियोजना कार्य के बारे में बताया। साथ ही कॅरिअर संवारने के बारे में जानकारी दी।
प्रो. तेज प्रताप ने कहा कि सपने बड़े और लक्ष्य ऊंचे होने चाहिए। लगातार प्रयास करने से सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अधिक से अधिक मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। मनोविज्ञान विभाग से डॉ. अनीता यादव ने संचालन किया। डॉ. सतीश ने मनोविज्ञान विभाग की योजनाओं और सिलेबस के बारे में बताया। राजनीति विज्ञान विभाग से पवन कुमार ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की विभिन्न समितियों जैसे प्रॉक्टोरियल बोर्ड, कॅरिअर काउंसिलिंग, शिकायत निवारण समिति, एनएसएस और वाईआरसी, स्वास्थय स्वच्छता समिति, खेल समिति, पुस्तकालय इत्यादि द्वारा अपने अपने विभाग के विषय में जानकारी दी। इस अवसर पर दोनों विभागों से शिक्षक पंकज, शिक्षिका अंशु, कमलेश, मनीषा, अंकित व दोनों विभागों के समस्त विद्यार्थी मौजूद रहे।