धारूहेड़ा। रेवाड़ी निवासी सराफा व्यापारी जय सिंह की भिवाड़ी में गोली मारकर हुई हत्या की घटना के बाद पुलिस ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर हरसंभव प्रयास शुरू कर दिया है। इसी के तहत सोमवार को डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र सिंह ने थाना धारूहेड़ा में सुरक्षा को लेकर पेट्रोल पंप संचालकों, शराब ठेका संचालकों व ज्वेलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र सिंह ने पेट्रोल पंप एवं सराफा व्यापारियों से कहा कि अपने जानमाल की सुरक्षा को लेकर गंभीर होना जरूरी है। संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए सभी सीसीटीवी कैमरे और उनके डीवीआर को दुरूस्त रखें। सिक्योरिटी गार्ड का सत्यापन जरूर कराएं। सभी अच्छे एवं उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरा लगवाएं और यह भी सुनिश्चित करें कि वो सभी चालू हालत में हो। समय-समय पर उनकी जांच करते रहें और अगर कोई कैमरा खराब हो जाए तो बिना देरी किए उसकी मरम्मत करवाएं। सीसीटीवी का कम से कम 90 दिन का बैकअप अवश्य रखें। इसके साथ ही डीएसपी ने कहा सभी लोग कैमरे को इस प्रकार स्थापित कराएं कि उनके सामने से गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट स्पष्ट रूप से दिखाई दे। सीसीटीवी की डीवीआर को ऐसी जगह रखें जहां आसानी से ना पहुंचा जा सके।
इस अवसर पर प्रबंधक थाना धारूहेड़ा निरीक्षक जगदीश चंद, सीआईए-2 इंचार्ज निरीक्षक योगेश हुड्डा, प्रबंधक थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा उप निरीक्षक संजय कुमार, ज्वेलर्स एसोसिएशन प्रधान लक्ष्मण सिंह, पेट्रोल पंप एसोसिएशन प्रधान अनिल कुमार व धारूहेड़ा में क्षेत्र के अधिकृत शराब विक्रेता सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।