संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। थाना बावल पुलिस ने गांव गुर्जर माजरी में युवक के घर के बाहर हवाई फायरिंग करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव गुर्जर माजरी निवासी योगेश उर्फ योगी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार गांव गुर्जर माजरी निवासी सुरेंद्र ने अपनी शिकायत में बताया कि वह खेती करता है। 15 अगस्त को वह साथी मोनू के साथ अपनी गाड़ी से गांव मंगलेश्वर गया था। मंगलेश्वर बस स्टैंड के पास उसके गांव के योगेश व अन्य नेउसकी गाड़ी के आगे अपनी कार लगा दी। वह गाड़ी बैक कर घर की तरफ गया। आरोपियों ने पीछा कर घर के बाहर हवाई फायरिंग की। आरोपियों ने पहले भी मारपीट व हमला किया था। आरोपियों के खिलाफ थाना बावल में पहले भी दो मामले दर्ज हैं। इसी रंजिश के तहत आरोपी योगेश उर्फ योगी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर जान लेवा हमला किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बावल में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने रविवार को मामले में एक आरोपी योगेश उर्फ योगी को गिरफ्तार कर लिया है।