ज्योति का स्वागत करते ग्रामीण। स्रोत : ग्रामीण
रेवाड़ी। 13वीं स्पीड पावर इंटरनेशनल ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गांव बीकानेर की ज्योति ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। प्रतियोगिता में 18 देशों के 1200 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के बाद गांव पहुंचने पर ज्योति का ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया।
ज्योति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं कोच को देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग से यह मुकाम हासिल हुआ है। उन्होंने भविष्य में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का संकल्प भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पार्षद सरोज मेहरा, समाजसेवी धनीराम मेहरा, सरपंच टहना दीपालपुर, सरपंच मस्तापुर, कैप्टन फकीर चंद, बलराज, हरचंद मेहरा उपस्थित रहे।