भिवाड़ी। पानी टंकी सांथलका क्षेत्र में गन्ने का जूस बेचने वाले दुकानदार हसिबुद्दीन से बदमाशों ने मारपीट और लूटपाट की। दुकानदार ने बताया कि वह बिरेंद्र तिवारी कॉलोनी का निवासी है। 4 मई की शाम 7 बजे वह दुकान पर था। तभी 3 लोग लाठी-डंडे के साथ पहुंचे और उनके ऊपर हमला कर दिया। आरोपियों ने हर महीने 5 हजार रुपये रंगदारी मांगी। कहा कि पैसे नहीं दिए तो उसकी दुकान नहीं चलने देंगे। जब पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने मारपीट की। आरोपियों ने 16 हजार रुपये छीन लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।