रेवाड़ी। विदेश भेजकर नौकरी दिलवाने का झांसा देकर राजस्थान के दो युवकों ने खोल थाना क्षेत्र के गांव डहीना निवासी एक व्यक्ति से 80 हजार रुपये की ठगी कर ली। रुपये के लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो विदेश भेजा और न ही पैसे वापस लौटाए। पीड़ित ने वीरवार को मॉडल टाउन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला जयपुर के गांव अजीतपुरा निवासी रज्जाक खान व जिला अलवर के गांव कांकर कुतीना निवासी अनिल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गांव डहीना निवासी फूल सिंह से दोनों आरोपियों ने विदेश भेजने का आश्वासन दिया था। दोनों ने कहा था कि सउदी अरब में उनके बहुत से लोग रहते है। फूल सिंह के अतिरिक्त दोनों ने डहीना निवासी दो और लोगों भी विदेश भेजने का भरोसा दिया था। आरोपियों ने दो लोगों का मेडिकल भी कराया था तथा मेडिकल के नाम पर पांच-पांच हजार रुपये भी लिए थे। इसके अतिरिक्त आरोपियों ने फूल सिंह ने विदेश भेजने के लिए 70 हजार रुपये ले लिए। काफी दिनों तक दोनों उसे विदेश भेजने का आश्वासन देते रहे। जब फूल सिंह को विदेश नहीं भेजा गया तो उन्होंने अपने पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए लेकिन आरोपियों ने पैसे भी वापस नहीं लौटाए, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।
जांच अधिकारी एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों का कोविड-19 का टेस्ट कराया है तथा रिपोर्ट आने के बाद अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।