रेवाड़ी। हाउस की बैठक के बाद दोपहर करीब 1:35 बजे पर नगर परिषद में पहुंचे डीसी अशोक कुमार गर्ग ने पार्षदों व अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान पार्षदों की ओर से बीच में टोका-टोकी से डीसी आहत दिखे। इस पर उन्होंने सभी पार्षदों को नसीहत देते हुए कहा कि सबसे पहले हमें सभ्यता सीखनी चाहिए। जब एक पार्षद बोल रहा हो तो दूसरे को नहीं बोलना चाहिए। इसके बाद बैठक में पार्षदों से समस्याओं व उनके समाधान को लेकर चर्चा की गई। डीसी को सोमवार को हाउस की बैठक में शामिल होना था, लेकिन किसी कारणवश शामिल नहीं हो सके।
पार्षदों के साथ डीसी की बैठक करीब डेढ़ घंटे चली। बैठक में शहर में अतिक्रमण व एनडीसी का मुद्दा ही छाया रहा। बैठक में डीसी के सामने पार्षदों ने नगर परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों ने पैसे लेकर एनडीसी जारी करने का आरोप लगाया। पार्षद मनीष गुप्ता ने बताया कि हाउस की बैठक में पिछली कार्यवाही की जानकारी नहीं दी जाती है, जबकि पार्षदों द्वारा हाउस की बैठक में हर बार इसकी मांग उठाई जाती है। इस पर डीसी ने अधिकारियों व कर्मचारियों को लताड़ा। उन्होंने कहा कि पार्षदों को हाउस की हर जानकारी मिलनी चाहिए। पार्षदों से कहा कि शहर में अतिक्रमण सबसे अधिक समस्या है, जिससे सभी मिलकर हल कर सकते हैं।